Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 12 मई (हि.स.)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवान पुलिस और एसटीएफ टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में हुसैनगंज थाना क्षेत्र से जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मुराद अली उर्फ कारतूस को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनगंज थाना पुलिस एवं एसटीएफ टीम ने छापेमारी कर आंदर थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी मुराद अली उर्फ कारतूस को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधी लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त हुसैनगंज थाना कांड संख्या 219/23 में दर्ज लूटकांड मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ सीवान जिले के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज हैं।
एसपी ने बताया कि मुराद अली उर्फ कारतूस जिले के सक्रिय अपराधियों में शामिल था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा।
गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ आंदर, सिसवन और हुसैनगंज थाना में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हथियार रखने और आपराधिक गिरोह बनाकर वारदात की योजना बनाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
इस कार्रवाई में हुसैनगंज थाना अध्यक्ष पु.नि. मोहन प्रसाद सिंह, पु.अ.नि. नीरज कुमार, थाना पुलिस एवं एसटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर सीवान पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma