संशोधित : राहुल सिन्हा का तृणमूल पर हमला, बोले- ममता राज में भ्रष्टाचार और हिंसा से बदहाल हुआ बंगाल
कोलकाता, 12 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने मंगलवार को भाजपा के राज्य मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कथित भ्रष्टाचार, चुनाव बाद हिंसा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर
राहुल सिन्हा


कोलकाता, 12 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने मंगलवार को भाजपा के राज्य मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कथित भ्रष्टाचार, चुनाव बाद हिंसा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर तीखा निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि यदि बंगाल का सनातनी समाज एकजुट हो जाए तो राज्य में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन संभव है। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से यह धारणा बनाई गई थी कि मुस्लिम वोट के बिना बंगाल में सत्ता परिवर्तन संभव नहीं है, लेकिन जनता ने इस सोच को गलत साबित कर दिया।

पूर्व की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि राज्य में नियुक्ति घोटाले से लेकर आम लोगों के पैसे की लूट तक भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैला हुआ था। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जड़ें कालीघाट तक पहुंच चुकी हैं और केंद्रीय जांच एजेंसियां जल्द ही असली दोषियों का पर्दाफाश करेंगी।

चुनाव बाद कथित हिंसा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और शांति में विश्वास करती है, इसी वजह से राज्य में बड़े टकराव की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने 2021 के चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले, घरों में तोड़फोड़ और इलाके से बाहर निकालने के आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हर घटना के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

राज्य में घुसपैठ और जनसंख्या संतुलन बदलने के आरोप पहले की ममता सरकार पर लगाते हुए राहुल सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल को योजनाबद्ध तरीके से “पश्चिम बांग्लादेश” बनाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि विदेशी घुसपैठियों के जरिए राज्य की जनसंख्या संरचना बदलने की साजिश के खिलाफ भाजपा आंदोलन जारी रखेगी।

उन्होंने राज्य में उस समय कटमनी और वसूली संस्कृति की भी आलोचना की। उनका आरोप था कि ऑटो स्टैंड से लेकर टोटो स्टैंड तक भ्रष्टाचार का जाल फैला हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी है तो इस पूरे नेटवर्क को खत्म किया जाएगा और किसी प्रभावशाली नेता को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए राहुल सिन्हा ने कहा कि लंबे समय तक पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण कई अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने वर्तमान परिस्थिति में पुलिस से निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील भी की।

पत्रकार वार्ता के अंत में राहुल सिन्हा ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत माता को अपनी मां मानते हैं, भाजपा उन सभी की पार्टी है। साथ ही उन्होंने बंगाल के खोए गौरव को वापस लाने और तेज विकास के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दुहराई।

हिन्दुस्थान समाचार