Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलवल, 12 मई (हि.स.)। पलवल जिले के बहीन थाना क्षेत्र में कोर्ट मैरिज करने वाली एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहीन थाना प्रभारी सुरेश ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि आलीमेव गांव निवासी रब्बा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने करीब एक वर्ष पहले रुपनगर नाटोली गांव निवासी काहिर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी से पति के परिवार वाले खुश नहीं थे और विवाह के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग करने लगे। शुरुआत में उसका पति काहिर उसका साथ देता रहा, लेकिन बाद में वह भी अपने परिवार के साथ मिलकर उसे परेशान करने लगा। दहेज की मांग को लेकर घर में आए दिन विवाद और झगड़े होने लगे।
शिकायत के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 को पति काहिर, सास सायरा, ससुर रिसाल और जेठ आकिल ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके आभूषण भी छीन लिए गए और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दो लाख रुपये और बाइक लेकर नहीं आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पीड़िता ने बताया कि वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और उपचार कराया। इसके बाद 20 दिसंबर 2025 को महिला सेल में शिकायत दी गई। महिला सेल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर बहीन थाना पुलिस ने 10 मई 2026 को आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग