बलरामपुर : प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने सीईओ ने लगाई जन चौपाल, हितग्राहियों को दिया समयबद्ध लक्ष्य
बलरामपुर, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बदौली में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने विशेष जन चौपाल और सम
कार्यक्रम की तस्वीर।


बलरामपुर, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत बदौली में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने विशेष जन चौपाल और समीक्षा बैठक लेकर हितग्राहियों से सीधा संवाद किया तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम पंचायत बदौली, कुन्दीकला और शिवपुर के हितग्राहियों की मौजूदगी में आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने प्रत्येक हितग्राही से आवास की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और जिन आवासों का काम शुरू नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल प्रारंभ करने को कहा। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य में स्पष्ट प्रगति लाने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि प्लिंथ से टॉप स्तर तक पहुंचे आवासों का कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। वहीं टॉप लेवल पूर्ण होने के 10 दिनों के भीतर सेंट्रिंग और ढलाई का कार्य अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने हितग्राहियों को जल्द से जल्द पक्का मकान पूरा करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हितग्राहियों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवास निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत सिधमा और खोखनिया के सचिवों की अनुपस्थिति पर सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण जिला पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा भूमि विवाद, पलायन और आरआरसी से जुड़े लंबित मामलों के दस्तावेज ग्राम सभा प्रस्ताव सहित एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय