Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा,12 मई (हि.स.)।नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में मंगलवार को 0हाथियों के झुंड ने कई जगहों पर जमकर उत्पात मचाया,जिसमें एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई तथा कई घरों को नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिन्दीचक फुसबंग्ला,टोला आजादनगर निवासी राजाराम पासवान (55 वर्ष),पिता स्व० लखन पासवान की मौत पागल हाथी द्वारा कुचल दिए जाने से हो गई। बताया जाता है कि देर रात जंगल से निकले हाथियों का झुंड मंगलवार को गांव में प्रवेश कर गया। इसी दौरान हाथी ने राजाराम पासवान को अपनी चपेट में ले लिया और बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हाथियों द्वार अचानक किये गए हमले से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने भलुआही बाजार के समीप कौआकोल–रोह मुख्य पथ को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा,हाथियों से सुरक्षा तथा स्थायी समाधान की मांग प्रशासन से की। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया। बाद में कौआकोल रेंजर सौरभ सांडिल्य ने जाम स्थल पर पहुचंकर लोगों को समझाया बुझाया एवं बीस हजार रुपये नगद आर्थिक सहायता राशि देकर वन विभाग द्वारा हर सम्भव सहायता देने का भरोसा दिलाया। तब जाकर आक्रोशित ग्रामीण मानें और लगभग दो घण्टे बाद सड़क जाम हटा। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन