Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 12 मई (हि.स.)। रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक बनने वाली लगभग एक हजार करोड़ रुपये की एलिवेटेड रोड परियोजना कानपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 25 मई को कानपुर आकर परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी मंगलवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने दी।
सांसद रमेश अवस्थी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर एलिवेटेड रोड परियोजना को स्वीकृति देने पर उनका आभार जताया। इस दौरान नितिन गडकरी ने 25 मई को कानपुर पहुंचकर परियोजना का विधिवत शिलान्यास करने की सहमति दी। साथ ही कार्यक्रम की जिम्मेदारी सांसद रमेश अवस्थी को सौंपी गई।
बताया गया कि रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक बनने वाली एलिवेटेड रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में यातायात को काफी हद तक सुगम बनाएगी। वर्तमान में इस मार्ग पर भारी वाहनों और आम नागरिकों के आवागमन के कारण लम्बे जाम की स्थिति बनी रहती है। परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ यात्रा समय में भी कमी आएगी।
रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में कानपुर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से शहर को आधुनिक यातायात सुविधाएं मिल रही हैं। यह परियोजना व्यापार, उद्योग और आम लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कानपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में शहर को कई अन्य बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप