Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंदौर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर तहसील हातोद के ग्राम बदरखा में ग्रामीणों की समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए बंद रास्ते को खुलवाया गया।
दरअसल, ग्रामीणों द्वारा मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में रास्ता बंद होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बताया था कि लंबे समय से उपयोग में आने वाला पारंपरिक मार्ग अवरुद्ध होने से किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे तथा ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी।
कलेक्टर वर्मा की संवेदनशील पहल और प्रशासन की तत्परता से स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मौके पर रास्ता खुलवाया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। रास्ता खुलवाने की यह कार्रवाई एसडीएम विनोद राठोर के निर्देशन में तहसीलदार गोविंद राठोर ने की।
ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन एवं जिला प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर