Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 12 मई (हि.स.)। प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया मंडी नगर निगम का चुनाव बेहद रोचक दौर में पहुंच गया है। 15 मई को शाम 3 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा और अब केवल तीन ही दिन प्रचार के लिए बाकी रह गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी में डेरा डाला हुआ है और वह हर वार्ड में जनसभा कर रहे हैं। सोमवार और मंगलवार को उन्होंने ताबड़तोड़ जनसभाएं करके यह अहसास दिला दिया कि मंडी नगर निगम को लेकर भाजपा कितनी गंभीर है। चूंकि पहली नगर निगम में भी 11-4 से भाजपा का राज कायम हुआ था तो अब दूसरी मर्तबा भी भाजपा इस पर काबिज होने की पूरी कोशिश में है। कुछ वार्डों जैसे 12 भगवाहन, 8 पैलेस वन व 1 खलियार में बागी भाजपाई मैदान में हैं।
कांग्रेस को तल्याहड़ व खलियार में बागियों को सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दोनों ही दलों में इस तरह के हालात बराबर से नजर आ रहे हैं।
इधर, मंगलवार से लोक निर्माण व शहरी विकास मंत्री ने चुनाव प्रभारी के नाते फिर से मंडी में कमान संभाल ली। वह 15 मई चुनाव प्रचार के अंत समय तक यहां पर बने रहेंगे। ऐसे में मंडी नगर निगम का चुनाव जो बैहना वार्ड के सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने से 14 में ही अब हो रहा है में दोनों ही दलों ने प्रतिष्ठा का सवाल बना दिया है। जय राम ठाकुर का यह गृह नगर है जबकि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के चलते उसके लिए यह इज्जत का सवाल है। देखना यह होगा कि ऊंट किस करवट बैठता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा