Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 12 मई (हि.स.)। नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर भाजपा ने मंगलवार को विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा का “संकल्प पत्र” जारी करते हुए कहा कि भाजपा धर्मशाला को आधुनिक, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और विश्वस्तरीय पर्यटन शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा तैयार किया गया यह संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं बल्कि धर्मशाला के भविष्य का विजन डॉक्यूमेंट है, जिसे पूरे नगर निगम की समग्र विकास दृष्टि को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र धर्मशाला शहर की वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह संकल्प पत्र पूरे नगर निगम क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता धर्मशाला में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाना और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बेहतर करना है। इसी उद्देश्य से भाजपा ने शहर के 22 चिन्हित स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग विकसित करने, 24 घण्टे सातों दिन पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण के लिए मुख्य खड्डों पर छोटे बांध बनाने का संकल्प लिया है।
सुधीर शर्मा ने बताया कि भाजपा धर्मशाला में चरान खड्ड से भागसूनाग तक फनिकुलर यातायात परियोजना शुरू करेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, धर्मशाला बस अड्डे के निर्माण तथा उसकी कोतवाली बाजार से सीधी कनेक्टिविटी पर भी कार्य करेगी। इसके अतिरिक्त चौक-चौराहों के सौंदर्यकरण, कैंची मोड़ पर व्यूइंग डेक, शहर में ई-टैक्सी सेवा, साइकिलिंग और जॉगिंग ट्रैक तथा डीकंजेशन पॉलिसी लागू करने जैसे कदम उठाए जाएंगे।
महिलाओं और युवाओं को लेकर भाजपा के विजन पर बोलते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि पार्टी महिलाओं के स्वरोजगार और आय बढ़ाने के लिए “एमसी कोऑपरेटिव ग्रिड” का गठन करेगी। युवाओं के लिए मल्टी स्पोर्ट्स जोन, फुटबॉल अकादमी, स्किल डेवलपमेंट एवं स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे ताकि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि भाजपा वरिष्ठ नागरिकों के लिए “डॉक्टर ऑन कॉल” ऐप शुरू करेगी तथा आशियाना स्कीम के तहत सरकारी भूमि पर बने मकानों का नियमीकरण भी किया जाएगा। नगर निगम की सभी सेवाओं को ऑनलाइन किया जाएगा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा धर्मशाला को “ड्रग मुक्त शहर” बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर कांग्रेस सरकार और वर्तमान नगर निगम को घेरते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी में जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाएं कागजों में रह गईं और जो कार्य हुए उनमें भी पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव रहा। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा धर्मशाला को केवल नगर निगम नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी और वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मार्ट सिटी विजन के अनुरूप भाजपा धर्मशाला को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर यातायात, स्वच्छता, पर्यटन और रोजगार के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया