Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़ , 12 मई (हि.स.)। लैलूंगा पुलिस ने युवक के अपहरण के गंभीर मामले का खुलासा करते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर झारखंड से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
मामले में दिनांक 11 मई 2026 को प्रार्थी शिवप्रसाद बंजारा निवासी मुड़ागांव रामनाथपुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, उसका 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा को झारखंड से आए तीन युवकों द्वारा दो स्कॉर्पियो वाहनों में जबरन बैठाकर अपहरण कर ले जाया गया है। प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र पूर्व में धान खरीदी-बिक्री के काम में झारखंड निवासी पवन साहू के साथ जुड़ा था।
रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 10 मई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी पवन साहू अपने साथी विष्णु साहू और नरेश उर्फ नरेंद्र साहू के साथ वाहन से प्रार्थी के घर पहुंचे। उस समय घर में रवि बंजारा और उसकी माता मौजूद थे। आरोपितों ने घर के भीतर जबरन प्रवेश किया और 12 लाख रुपये बकाया होने की बात कहते हुए रवि बंजारा के साथ मारपीट की तथा उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अपहरण का अपराध पंजीबद्ध कर विशेष टीम गठित की गई और बिना समय गंवाए रांची, झारखंड में दबिश दी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत रवि नारायण बंजारा को आरोपितों के कब्जे से सकुशल बरामद किया तथा आरोपित पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों समेत रायगढ़ लाया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने अपराध स्वीकार किया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को सबूत के तौर पर जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में अपहृत युवक और आरोपितों के बीच व्यापारिक लेन-देन का विवाद सामने आया है। लैलूंगा पुलिस की तत्परता और तेज कार्रवाई से एक बड़ी वारदात को गंभीर परिणाम तक पहुंचने से पहले रोक लिया गया।
आरोपितों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 156/2026 धारा 140(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में गिरफ्तार कर आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपित में पवन साहू निवासी बोकोंदा झारखंड, विष्णु साहू निवासी बोकोंदा झारखंड, नरेंद्र साहू निवासी डिम्बा झारखंड है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान