Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 12 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डी.डी. बंसल ने अपनी सादगी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का अनोखा उदाहरण पेश किया। मंगलवार को वे सरकारी वाहन छोड़ साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उन्हें साइकिल से अदालत आते देख राहगीर और हाईकोर्ट परिसर में मौजूद लोग भी आश्चर्यचकित रह गए। आमतौर पर न्यायाधीशों के साथ सुरक्षा और वाहनों का काफिला नजर आता है, लेकिन जस्टिस बंसल ने सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाकर अलग संदेश दिया।
मीडिया से चर्चा के दौरान जस्टिस बंसल ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि ‘मिशन लाइफ’ के तहत पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे व्यवहार में भी उतारना जरूरी है। इसी सोच के साथ वे साइकिल से कोर्ट पहुंचे, ताकि लोगों को प्रदूषण कम करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक