Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 12 मई (हि.स.)। पत्थलगडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ मंगलवार काे गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक चतरा को सूचना मिली थी कि पत्थलगडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चरहेट-नावाडीह के पास एक युवक द्वारा अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चरहेट-नावाडीह के पास से मनु कुमार गुप्ता (25), पिता चतुर्गुण साव, चट्टी बारियातु, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 20.40 ग्राम ब्राउन शुगर, एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं एक हीरो स्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में पत्थलगड़ा (थाना कांड संख्या 31/2026) में एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी