Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 12 मई (हि.स.)। पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सोस डैम के समीप लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में आरईओ विभाग की ओर से सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य को पूजा निर्माण एजेंसी के द्वारा कराया जा रहा है। गंभीर बात यह है कि निर्माण कार्य वन विभाग की भूमि पर बिना अनुमति के किया जा रहा है, बावजूद इसके संबंधित विभागीय अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान वन विभाग की जमीन पर तीन पुलिया का निर्माण भी करा दिया गया है, जबकि अब तक इस कार्य के लिए वन विभाग से कोई विधिवत अनुमति नहीं मिली है। निर्माण कार्य अभी भी जारी है, जिससे स्पष्ट है कि नियम-कानून को ताक पर रखकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण जैसा कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में विभाग के जूनियर इंजीनियर संजीत कुमार ने मंगलवार को बताया कि वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब अनुमति अभी मिली ही नहीं, तो आखिर किसके आदेश पर पुलिया निर्माण पूरा कर दिया गया और सड़क निर्माण भी जारी है? क्या सरकारी विभाग खुद नियमों की धज्जियां उड़ाने में लगे हैं।
दूसरी ओर वन विभाग के अधिकारियों की रहस्यमयी चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, इस मामले पर वन क्षेत्र पदाधिकारी महेंद्र प्रसाद ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आम जनता ऐसा करती तो अब तक कार्रवाई हो चुकी होती, लेकिन विभागीय संरक्षण के कारण नियमों को खुलेआम रौंदा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग की चुप्पी कब टूटती है और इस अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगती है, या फिर विभाग की खामोशी के बीच निर्माण कार्य इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार