Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 12 मई (हि.स.)। पलामू पुलिस की ओर से मंगलवार से जनसंपर्क कार्यक्रम की शुरूआत कर दी गयी। पहले दिन पुलिस ने पत्रकारों के साथ संवाद किया और पुलिस का हिस्सा बनने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित संगोष्ठी में एसपी कपिल चौधरी, डीएसपी राजीव रंजन, राजेश यादव, इंस्पेक्टर सुरेश राम, इंस्पेक्टर सह शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, सदर थाना प्रभारी लालजी सहित अन्य मौजूद थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसपी ने कहा कि पत्रकार समाज के जिम्मेवार नागरिक होते हैं और उनके माध्यम से पुलिस अपनी बात आम लोगों तक पहुंचायेगी। उन्होंने पत्रकारों को पुलिस का हिस्सा बनने का आग्रह किया। एसपी ने लिगल अवेयरनेस के तहत एफआइआर, 112 पर सूचना देने, सीसीटीवी लगवाने, यातायात के प्रभावी नियम, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, भड़काउ खबरों से परहेज करने सहित अन्य विषयाें पर विस्तार से जानकारी दी।
एसपी ने कहा कि पलामू में यातायात थाना नहीं है, इसलिए चालान काटने का अधिकार पुलिस नहीं रखती। यातायात थाना खोलने का प्रोपोजल पूर्व में भेजा गया है। सबकुछ ठिकठाक रहा तो एक दो महीने में खोलने का निर्णय ले लिया जायेगा। इसके बाद ऑन स्पॉट चालान काटा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनवरी से अभी तक पलामू जिले में 90 से अधिक लोगों की मौत सड़क हादसे में हो गयी। यह काफी दुखद है। सड़क हादसों पर रोकने लगाने के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है।
पलामू पुलिस अपने कर्मियों को हेलमेट पहनने के लिए आदेश निकालेगी। जो कर्मी बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहनेंगे, उन्हें फाइन के साथ साथ विभागीय कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।
उन्होंने पत्रकारों से भी बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने का आग्रह किया। उन्होंने साइबर क्राइम की स्थिति में 1930 पर कॉल करके अकाउंट लॉक कराने, पुलिस हेल्प के लिए 112 डायल करने और घर और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया है।
एसपी ने पत्रकारों से सुझाव भी लिए और उस पर तेजी से कार्य करने पर बल दिया।
मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार