Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर , 12 मई (हि.स.)। जिलेवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, अनुकम्पा, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन तथा आवास से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई।
उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कई मामलों का मौके पर ही निपटारा भी किया गया, जिनमें झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े आवेदन शामिल रहे। संबंधित विभागों द्वारा ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया, जिससे लाभुकों को राहत मिली।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को विभिन्न विभागों से संबंधित बताते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की स्थल जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर कर इसकी प्रतिवेदन रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सारवां प्रखंड के जवाहर मिया और इदरीश मिया के आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें वृद्धा पेंशन योजना से जोड़ा गया।
वहीं देवघर प्रखंड के तुलसी कुमार रंजन द्वारा शूटिंग रेंज में रैंप निर्माण के आवेदन पर उपायुक्त ने एनआरपी के कार्यपालक अभियंता को डीपीआर तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर एडीएसएस सरिता भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy