Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 12 मई (हि.स.)। खूंटी-रांची मुख्य सड़क स्थित हुटार चौक के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार परिमल कुमार सांगा नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और रांची खूंटी मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिमल कुमार सांगा बाइक से जियरप्पा की ओर से खूंटी आ रहा था। इसी दौरान खूंटी की ओर जा रहे एक टैंकर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक टैंकर के अंदर फंस गई और उसका एक पहिया अलग होकर दूर जा गिरा। हादसे में युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद टैंकर सड़क के बीचों-बीच खड़ा रहा, जिससे एनएच पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गई।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा