Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 12 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई और विभिन्न नीतिगत मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव से आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
भट्टाचार्य ने कहा कि रुपये की गिरती कीमत, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की स्थिति और बढ़ते आर्थिक दबाव पर सरकार को ठोस रणनीति प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों, किसानों और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने केंद्र के हालिया बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और अन्य खर्चों में बचत की अपील के साथ सरकार को भी खर्चों में संतुलन और पारदर्शिता पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कॉर्पोरेट कर्ज, प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
प्रेस वार्ता में उन्होंने नीट परीक्षा विवाद पर भी चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar