Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 12 मई (हि.स.)। पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में सोमवार को जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कड़ी नाराजगी जतायी है। मंगलवार को मामले में संज्ञान लेते हुए एमएमसीएच अधीक्षक को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को मेदिनीनगर के पंचम कुमार की पत्नी प्रसव पीड़ा से तड़पते हुए एमएमसीएच आयी थी। आरोप है कि महिला का समुचित इलाज नहीं किया गया। अस्पताल में सीनियर डाक्टर नहीं थे। ऐसे में महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत हो गयी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर आक्रोश व्यक्त किया।
इधर, भाजपा के जिला महामंत्री ज्योति पांडेय, आशीष भारद्वाज, विपुल गुप्ता सहित अन्य परिजन के साथ एमएमसीएच पहुंचे और अधीक्षक से मामले में कार्रवाई करने को कहा। मौके पर कई पत्रकार भी मौजूद थे। पत्रकारों ने जब अधीक्षक से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि सोमवार रात 11 बजे मेदिनीनगर आते ही घटना की जानकारी ली। लेकिन जब यह पूछा गया कि महिला की मौत कैसे हुई और घटना के वक्त किस डाक्टर की डयूटी थी, तो उन्होंने स्पष्ट तौर पर जवाब नहीं दिया। जांच के बाद रिपोर्ट के अनुसार जानकारी देने की बात कही।
पांच सदस्यीय जांच टीम गठित
बातचीत के क्रम में अधीक्षक ने उपायुक्त को जानकारी दी। उपायुक्त ने दूरभाष पर ही अधीक्षक से बात की और फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। अधीक्षक ने बताया कि मामले में जांच के लिए एचओडी की पांच सदस्यीय टीम बनायी गयी है और 24 घंटे में पूरे मामले की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार