Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 12 मई (हि.स.)। इंडियन आर्मी के सेना भर्ती कार्यालय, रांची ने अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के लिए मंगलवार को कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह परीक्षा एक जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा उन सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए होगी जिन्होंने अग्निवीर भर्ती करने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की है।
भर्ती कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड शीघ्र ही ज्वॉइन इंडियन आर्मी ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट जांचने तथा एडमिट कार्ड जारी होते ही डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। परीक्षा का आयोजन एडमिट कार्ड में अंकित तिथि, समय एवं परीक्षा केंद्र के अनुसार किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रिंटेड एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा एडमिट कार्ड में उल्लिखित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। साथ ही उन्हें रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों एवं फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar