Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 12 मई (हि.स.)।
रामगढ़ जिले में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली के कारण गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में 26 पशुओं की मौत हो गई। पशुओं की मृत्यु की सूचना पर डीसी ऋतुराज ने तत्काल वहां टीम भेजी । डीसी के निर्देश पर मंगलवार को जिला एवं प्रखंड स्तर की संयुक्त टीम की ओर से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में अंचल अधिकारी गोला, अंचल निरीक्षक गोला, पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम, थाना प्रभारी बरलंगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा घटना से हुई क्षति का विस्तृत आंकलन किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मंगलवार को हुई भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली की घटना में 13 किसानों के कुल 26 पशुओं की मृत्यु हुई है। मृत पशुओं में 7 गाय एवं 19 बैल शामिल हैं। अधिकारियों ने पशुपालकों से घटना की जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
पशुपालन विभाग की टीम की ओर से मृत पशुओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। टीम ने बताया कि पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
डीसी ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई करने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने तथा आवश्यक प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश