Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आरोपियों से 2 किलो 727 ग्राम अफीम बरामद
हिसार, 12 मई (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों
के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टीम ने दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों
को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 727 ग्राम अफीम बरामद की
है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए कीमत बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों
की पहचान झारखंड निवासी शिवदयाल कुमार यादव व मुरैना जिला निवासी अकलेश कुमार के रूप
में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार के बताया कि सीआईए
स्टाफ हिसार की टीम गश्त व अपराध जांच के दौरान अग्रोहा मोड़ स्थित झीडी पुल क्षेत्र
में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि झारखंड निवासी दो युवक झीडी पुल के
पास भारी मात्रा में अफीम लेकर घूम रहे हैं और इसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते
ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झीडी पुल स्थित लाले दा ढाबा के पास घेराबंदी
कर रेड की। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन
टीम की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते उन्हें काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपियों
के कब्जे से कुल 2 किलो 727 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आए थे
और हिसार व आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही इस
नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की भी पहचान की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर