Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


--वात्सल्य इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में मनाया गया विश्व नर्स दिवस
प्रयागराज, 12 मई (हि.स)। वात्सल्य इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में विश्व नर्स दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य नर्सिंग क्षेत्र में कार्यरत नर्सों के योगदान, समर्पण एवं सेवा भावना को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं और मरीजों की देखभाल में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण ही एक सफल नर्स की पहचान है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर प्रस्तुति एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
संस्थान प्रबंधन ने सभी नर्सिंग कर्मियों को विश्व नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ ज्योति मराठे व अन्य शिक्षक संगीता, बिन्नी, रोजलिन प्रियंका, नीलेश, पूजा पाल व अन्य उपस्थित रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र