Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भिवानी, 12 मई (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार के परिणामों में एक बार फिर प्रदेश की बेटियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने भिवानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस वर्ष की परीक्षा में कुल 2 लाख 42 हजार 856 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 5 हजार 618 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की। परीक्षा परिणाम 84.67 प्रतिशत रहा। इसमें छात्राओं का पास प्रतिशत 87.97 रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 81.45 दर्ज किया गया। इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 6.52 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता प्राप्त की है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के जिलों में चरखी दादरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, वहीं जिला नूंह इस सूची में सबसे निचले पायदान पर रहा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 84.98 प् रहा, जो शहरी क्षेत्रों द्वारा हासिल किया गया 83.91 प्रतिशत से थोड़ा बेहतर है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्राइवेट स्कूलों की पास प्रतिशतता 87.94 रही, जबकि राजकीय स्कूल 82.44 प्रतिशत हासिल कर पाए। दोनों ही प्रकार के विद्यालयों के बेहतर परिणामों ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के सकारात्मक संकेत दिए हैं। बोर्ड द्वारा हरियाणा मुक्त विद्यालय के नतीजे भी घोषित किए गए। फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थियों का परिणाम 42.15 प्रतिशत रहा, जबकि रि-अपीयर श्रेणी का परिणाम 50.09 प्रतिशत दर्ज किया गया। मुक्त विद्यालय में भी छात्राओं ने 11.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ छात्रों को पीछे छोड़ा।
डॉ. पवन कुमार ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए पुन: जांच और पुनर्मूल्यांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक परीक्षार्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के अंदर बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर