Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 12 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को नगरीय निकाय सूरजपुर और बिश्रामपुर में वार्ड स्तरीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
नगर पालिका सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 06 स्थित दुर्गाबाड़ी प्राथमिक शाला, भैयाथान रोड में आयोजित शिविर में इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 05, सुभाष चंद्र बोस वार्ड क्रमांक 06, भगत सिंह वार्ड क्रमांक 07 और स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 08 के नागरिक शामिल हुए।
वहीं नगर पंचायत बिश्रामपुर के वार्ड क्रमांक 05 स्थित आजाद ग्राउंड के पास सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में रविंद्र नाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 05, स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 06, छत्रपति शिवाजी वार्ड क्रमांक 07 और रानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्रमांक 08 के नागरिकों ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान नगर पालिका सूरजपुर में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं नगर पंचायत बिश्रामपुर में 29 आवेदन प्राप्त हुए।
प्रशासन ने बताया कि प्राप्त शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय