सूरजपुर : सुशासन शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 217 आवेदन मिले
बलरामपुर, 12 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत बरबसपुर में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 19 गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन प्रशासन
कार्यक्रम की तस्वीर।


बलरामपुर, 12 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत बरबसपुर में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 19 गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे।

कार्यक्रम विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। शिविर के दौरान ग्रामीणों से कुल 217 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू कर दी गई।

शिविर में गणेशपुर, बरबसपुर, पवनपुर, रामतीर्थ, हनुमानगढ़, पंचवटी, रोमेश्वरम्, मदनपुर, अर्जुनपुर, जगतपुर, मकरबंधा, परमेश्वरपुर, द्वारिकापुर, छिन्दिया, अक्षयपुर, केशवपुर, गोकुलपुर, लब्जी और पिवरी सहित 19 ग्रामों के ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस दौरान राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांव स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

प्रशासन के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत इस क्षेत्र में अब तक कुल 511 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 60 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 451 मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय