Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 12 मई (हि.स.)। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल करियर सर्विस सेंटर द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल कोचिंग स्कीम के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत ग्रुप ‘सी’ परीक्षाओं की कोचिंग, नाईलिट के माध्यम से कंप्यूटर ‘ओ’ लेवल सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण, कंप्यूटर हार्डवेयर मेंटेनेंस तथा कंप्यूटर अवधारणाओं से संबंधित पाठ्यक्रम शामिल हैं। उप क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अतुल कुमार सोनू ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी जिनके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है, वे इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान 80 प्रतिशत या उससे अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले अभ्यर्थियों को 1000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त किताबें और स्टेशनरी भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने और अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम जयपुर में 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगे। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी नेशनल करियर सर्विस सेंटर, ब्लॉक-बी, कमरा नंबर 131-132, ईएमआई कैंपस, झालाना संस्थानिक क्षेत्र, जयपुर में संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा दूरभाष संख्या 0141-2708915 पर सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक जानकारी ली जा सकती है।
यह योजना एससी-एसटी युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर कॅरियर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित