Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 12 मई (हि.स.)। सुपौल के नगर भवन में जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया।बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी रैयत कृषकों का फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एफआर आईडी धारक प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करें और इस कार्य को कैंप मोड में संचालित किया जाए। साथ ही अंचलाधिकारियों को अपने स्तर से नियमित समीक्षा करने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी संबंधित कर्मी विभागीय निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करें, ताकि किसानों का पंजीकरण कार्य तेजी से पूरा हो सके।
जिला पदाधिकारी ने जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम गठित करने का भी निर्देश दिया। इसके तहत प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन अपराह्न 4:30 बजे तक जिले की समेकित प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक बीज उत्पादन, उप परियोजना निदेशक आत्मा, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, हल्का कर्मचारी, किसान सलाहकार, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, पंचायत कार्यपालक सहायक, इंदिरा आवास सहायक, बंदोबस्त अमीन, कानूनगो एवं राजस्व कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र