Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार को दोपहर सुमेरपुर विकासखंड कार्यालय परिसर में संचालित बाल विकास परियोजना कार्यालय के बरामदे में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के कागजात तैयार करते समय अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। इस दौरान वहां मौजूद चार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घायल हो गई। इनको उपचार के लिए कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख ने सभी का हालचाल पूछा।
सुमेरपुर विकासखंड कार्यालय परिसर में संचालित बाल विकास परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की आईडी तैयार कर रही थी, तभी बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर उनके ऊपर जा गिरा। इस घटना में रमा सिंह टेढ़ा, पुनिया टेढ़ा, सूरजमुखी पंधरी और अंजू पौथिया घायल हो गईं। सभी घायलों को सुपरवाइजर कामनी पाल ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सूचना पाकर ब्लॉक प्रमुख जयनारायन सिंह यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों को हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उनके बेहतर उपचार करने के लिए कहा। इलाज के बाद शाम को सभी घायलों को घर भेज दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि सभी को मामूली चोटें लगी थी। इलाज के बाद सभी के हालत बेहतर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा