Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 12 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद के पूर्व विधायक बागी कुमार वर्मा का 77 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में मंगलवार को निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार दाेपहर बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय में लाया गया। यहां राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर जैसे ही राजद कार्यालय लाया गया, वहां मौजूद राजद नेता और कार्यकर्ता के चेहरे गमगीन हो गये। नम आंखों से सभी ने दिवंगत नेता को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित कई पार्टी नेताओं ने पार्थिव शरीर काे श्रद्धांजलि अर्पित की।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बागी वर्मा जी हमारे पार्टी के ईमानदार नेता थे। इस दुख के घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। बागी वर्मा जी समाजवादी नेता तो थे ही उनके और उनके परिवार के साथ हम लोगों का बहुत अच्छा सम्बन्ध था। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद से पूर्व विधायक व बिहार के पूर्व मंत्री श्री बागी कुमार वर्मा जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करता हूं।
वह सरल व सहज व्यक्तित्त्व के धनी श्री वर्मा एक संघर्षशील, समर्पित और प्रतिबद्ध राजनेता थे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी