सूरजपुर : हाथी हमले के पीड़ित परिवारों को मिली त्वरित राहत, प्रशासन ने वितरित की मुआवजा राशि
सूरजपुर, 12 मई (हि.स.)। सूरजपुर जिले के कल्याणपुर में हाथी हमले में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों को प्रशासन ने त्वरित राहत राशि वितरित कर दी है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर जिला प्रशासन और वन वि
सूरजपुर : हाथी हमले के पीड़ित परिवारों को मिली त्वरित राहत, प्रशासन ने वितरित की मुआवजा राशि


सूरजपुर, 12 मई (हि.स.)। सूरजपुर जिले के कल्याणपुर में हाथी हमले में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों को प्रशासन ने त्वरित राहत राशि वितरित कर दी है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर जिला प्रशासन और वन विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पीड़ित परिवारों को बिना विलंब सहायता राशि दी जाए। इसके बाद वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सूरजपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मुआवजा राशि स्वीकृत कर वितरण की प्रक्रिया पूरी की।

विभागीय जानकारी के अनुसार, हाथी हमले में मृत ग्रामीणों के परिजनों में कांति भोई और राजेश्वरी सिंह श्याम को डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में 5 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई है। इसके अलावा डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर, सूरजपुर द्वारा दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये अतिरिक्त सहायता राशि भी डीबीटी के जरिए प्रदान की गई।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हाथी-मानव द्वंद्व को कम करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिला है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसके लिए मंत्री और प्रशासन के प्रति आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय