Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


झांसी, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में जिलाधिकारी गौरांग राठी मंगलवार सुबह शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी के साथ कम्पोजिट विद्यालय सीपरी बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को हिन्दी और गणित पढ़ाने के साथ उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता भी परखी।
सुबह करीब 8:30 बजे विद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी ने सबसे पहले प्रधानाध्यापिका श्रीमती बिल्फीस बेगम से विद्यालय में तैनात शिक्षकों और स्टाफ की जानकारी ली। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर सभी कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। जिलाधिधारी ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका ने जूनियर कक्षाओं में शिक्षकों की कमी और एक सहायक अध्यापक के अन्य विद्यालय में संबद्ध होने की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए। विद्यालय में प्रवेश लेने आई बालिका अंशिका को जिलाधिकारी ने दुलार करते हुए चॉकलेट भेंट की और अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कक्षा छह, सात और आठ का निरीक्षण किया। कक्षा सात की छात्रा वाणी शिल्पकार और छात्र उदय द्वारा हिन्दी पाठ का सही वाचन करने पर जिलाधिकारी ने उन्हें चॉकलेट देकर उत्साहवर्धन किया। वहीं पढ़ाई में कमजोर बच्चों को अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा छह में जिलाधिकारी ने ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर बच्चों को हल करना सिखाया। छात्र नवल और उदय द्वारा सवाल सही हल करने पर उनकी प्रशंसा की गई। जिलाधिकारी ने बच्चों को अभिवादन करने की सीख भी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की रसोई का भ्रमण कर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांची तथा रसोइयों की समस्याओं की जानकारी ली। गर्मी को देखते हुए रसोई में पंखा लगाने और बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया