Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 12 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कॉलोनी, अपार्टमेंट जैसे स्थानों पर बने सामूहिक घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में फोकस करें। इससे अधिक घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस की पहुँच बढ़ेगी जिससे लोगों को काफी सहूलियत होगी। इस काम में और अधिक तेजी लाकर निचले स्तर तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। हमारी प्राथमिकता है कि आमलोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिले। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाएं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की और कहा कि राज्य में पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी की अभी पर्याप्त उपलब्धता है इसलिये लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर ही चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के क्रय और उसके इस्तेमाल पर जोर दिया।
इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित तेल कंपनियों के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त