Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 12 मई (हि.स.)। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को बेलगड़िया टाउनशिप क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने प्लेग्राउंड के लिए भूमि चिन्हित करने, झाड़ियों की साफ-सफाई कराने तथा ट्रेंच कटिंग का कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा।
उपायुक्त रंजन ने कहा कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की जिस जमीन पर झारखंड पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) कार्य कर रहा है, उसका अब तक चिन्हितीकरण और बाउंड्री नहीं हुआ था। प्रशासन अब जमीन का सीमांकन कर बाउंड्री करा रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां माइक्रो इंटरप्राइज और बड़ी इंडस्ट्री लाने की योजना है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। पिछले 8-10 महीनों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। प्रशासन की कोशिश है कि 500 से 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए जाएं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मशरूम फार्मिंग, जूट बैग और कैम्पो क्राफ्ट से जुड़े स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम चल रहे हैं, जिनसे कई महिलाएं जुड़ी हुई हैं। साथ ही डिजाइन पेंटिंग और स्पोर्ट्स सेंटर शुरू करने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों के साथ-साथ बड़ी इंडस्ट्री लाकर क्षेत्र के लोगों को व्यापक स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा