Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कटिहार, 12 मई (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा 14 मई को जिले में नागरिक सुरक्षा से संबंधित हवाई हमले एवं ब्लैकआउट का एक महत्वपूर्ण मॉकड्रिल (अभ्यास) आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि युद्ध के समय हवाई हमले से बचाव हेतु नागरिकों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसी के तहत 14 मई को संध्या 07:00 बजे से 07:15 बजे तक ब्लैकआउट का मॉकड्रिल किया जाएगा। इस 15 मिनट की अवधि में लोगों को हवाई हमले से स्वयं एवं दूसरों को बचाने का अभ्यास कराया जाएगा।
सुरक्षा अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के निर्देश पर सायरन बजाया जाएगा, जिसके संकेतों का पालन करना अनिवार्य है:
रुक-रुक कर सायरन: यदि सायरन की आवाज रुक-रुक कर आती है, तो इसका अर्थ है कि हवाई हमले का खतरा जारी है।
लगातार सायरन: यदि सायरन दो मिनट तक लगातार बजता है, तो इसका मतलब है कि हमलावर चले गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं ताकि 'ब्लैकआउट' प्रभावी रहे और दुश्मन क्षेत्र का पता न लगा सके:
बिजली बंद रखें: घरों, दुकानों, मकानों और गोदामों की सभी लाइटें तथा बिजली के उपकरण जैसे जेनेरेटर, इन्वर्टर और बैटरी बंद कर दें।
रोशनी छुपाएं: घरों की खिड़कियों और रोशनदानों को पर्दों से अच्छी तरह ढक दें ताकि अंदर की रोशनी बाहर न जाए।
वाहन और टॉर्च: वाहनों की हेडलाइट, टॉर्च और मोबाइल की रोशनी का उपयोग खुले में बिल्कुल न करें।
सुरक्षित स्थान: किसी भी क्षेत्र में बम विस्फोट (काल्पनिक) होने पर तुरंत असुरक्षित भवन से बाहर आ जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक सुरक्षा अभ्यास है, इसलिए जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी सूचना या आपात स्थिति के लिए नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
जिला कंट्रोल रूम: 06452-239026, 239025 या 242400
नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम: 06452-230501
प्रशासन ने आम जनमानस से इस अभ्यास में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह