Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम की सतर्क निगरानी से पकड़ी गई संदिग्ध गतिविधि
लखनऊ/प्रयागराज, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने मंगलवार को बताया कि आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या-02/2022 प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा 10 मई 2026 को प्रदेशभर में सफलतापूर्वक आयोजित कराई गई। परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से एक परीक्षार्थी की संदिग्ध गतिविधि चिन्हित की गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए नकल के प्रयास का खुलासा हुआ।
इस दौरान 10 मई 2026 की द्वितीय पाली में मेरठ स्थित इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज में रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी कृष्ण पाल पुत्र हुकुम सिंह, जो दिव्यांग श्रेणी का अभ्यर्थी है, बैसाखी के सहारे परीक्षा कक्ष में उपस्थित हुआ था। एआई आधारित निगरानी के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर आयोग ने तत्काल केन्द्राध्यक्ष को सूचना दी गई। तलाशी लेने पर परीक्षार्थी की बैसाखी के ऊपरी कवर में छुपाया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसका स्विच ऑन था तथा उसका उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा था।
केन्द्राध्यक्ष ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली, मेरठ पुलिस ने परीक्षार्थी कृष्ण पाल को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग के निवारण अधिनियम-2024 की धारा 3, 4 एवं 13 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की। प्रकरण की जांच मेरठ पुलिस तथा एसटीएफ द्वारा की जा रही है।
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग की ओर से तत्काल प्रभाव से परीक्षार्थी कृष्ण पाल निवासी 34 भकरपुर कवट्टा, मेरठ, अनुक्रमांक-0302016680, प्रवक्ता रसायन विज्ञान को वर्तमान प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा-2022 से डिबार (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी परीक्षाओं में भी उन्नत तकनीक एवं एआई आधारित कंट्रोल रूम के माध्यम से सघन निगरानी जारी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के प्रयोग को पूर्ण रूप से रोका जा सके और पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा