Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने विभाग
के खिलाफ जताया विरोध
हिसार, 12 मई (हि.स.)। शहर के आजाद नगर में पिछले
काफी समय से पेयजल की तंगी चल रही है। क्षेत्रवासियों ने अनेक बार अधिकारियों को अवगत
करवाया लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसको देखते हुए पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष
समिति (आजाद नगर) की महिला प्रधान दर्शना ओला के नेतृत्व में मंगलवार को अमर विहार
कॉलोनी फेज-3 की महिलाओं ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पहुंचकर विरोध जताया।
महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि अमर विहार कॉलोनी
फेज-3 में पीने का पानी बिल्कुल नहीं आ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि जनता को अपनी
जेब से पैसे खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
दर्शना ओला ने कहा कि पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर
गंगवा हर घर पानी पहुंचाने के दावे कर रहे हैं, लेकिन मंत्री को धरातल पर आकर देखना
चाहिए कि जनता कितनी परेशान है। केवल कागजी कार्रवाई से जनता की समस्या हल नहीं होगी। विरोध कर रही महिलाओं ने कहा कि नगर निगम टैक्स
तो समय पर वसूलता है लेकिन जब मूलभूत सुविधाओं और सामाजिक कार्यों की बात आती है, तो
जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए कार्यकारी अभियंता
ने बुधवार को बैठक बुलाई है। अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है। दर्शना ओला ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही
पीने के पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो सभी कॉलोनी वासी मिलकर कड़ा फैसला लेंगे।
इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। इस दौरान कृष्ण रेढू, सरोज श्योराण, गुड्डी धनखड़,
सुदेश सूरा, स्हनेतला बैनीवाल, सुशीला कोहाड़, ऋतु ढाका, प्रियंका सहित अनेक महिलाएं
उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर