Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)। जनपद वासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित होने वाले तहसील दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है। शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को संबंधित तहसील मुख्यालयों पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला या मंडल मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता को समाप्त करना है, ताकि अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर मौके पर ही शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर सकें।
जारी रोस्टर के अनुसार जनपद की सभी तहसीलों—हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर—में एक साथ तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) करेंगे। इसमें जिला स्तरीय अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार तथा खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही कार्यक्रम की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा रैंडम निरीक्षण के माध्यम से की जाएगी। आवश्यकतानुसार वे किसी भी तहसील में पहुंचकर कार्यक्रम की अध्यक्षता भी करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी तहसील मुख्यालय में उपस्थित होकर इस व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाएं। तहसील दिवस की 07 अप्रैल से 2026, 16 मार्च 2027 तक आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला