दक्षिण बंगाल में फिर लौटेगा कालबैशाखी का कहर, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
कोलकाता, 05 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण बंगाल के विस्तृत इलाकों में एक बार फिर आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। उमस भरी गर्मी के बीच यह मौसम कुछ राहत जरूर दे सकता है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि जल्द ही दक्षिण बंगाल के कम से कम दस जिलो
सांकेतिक तस्वीर


कोलकाता, 05 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण बंगाल के विस्तृत इलाकों में एक बार फिर आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। उमस भरी गर्मी के बीच यह मौसम कुछ राहत जरूर दे सकता है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि जल्द ही दक्षिण बंगाल के कम से कम दस जिलों में कालबैशाखी की संभावना है, जिसमें कोलकाता भी शामिल है।

मौसम विभाग के अनुसार, शहर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

रविवार से ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में हल्की और बिखरी हुई बारिश की संभावना है, जो पूरे सप्ताह जारी रह सकती है। मंगलवार से शुक्रवार के बीच कोलकाता में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

रविवार को पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। सोमवार को इसके साथ हुगली और पूर्व बर्दवान भी शामिल होंगे। मंगलवार से पूरे दक्षिण बंगाल में मौसम और खराब होने की संभावना है।

बुधवार और गुरुवार को तूफान का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों में हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कालबैशाखी तूफान चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, समुद्र में मछुआरों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।

कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मंगलवार को बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान और बीरभूम में ओले गिर सकते हैं। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कोचबिहार में भी मंगलवार और बुधवार को ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

उत्तर बंगाल के सभी जिलों में खराब मौसम बना रहेगा, जबकि पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में सात से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से शुष्क हवाएं आ रही हैं, जिससे रविवार तक कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक एक ट्रफ लाइन (अक्ष रेखा) बनी हुई है, जो उत्तर बांग्लादेश, मेघालय और दक्षिण-पूर्व असम से होकर गुजर रही है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी आ रही है, जिससे पांच से नौ अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।

रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय