Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काशी क्षेत्र के सभी मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश कार्यालय फूलों से सजेंगे, विचारधारा पर चर्चा की जाएगी
वाराणसी, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने 46वें स्थापना दिवस को यादगार बनाने की तैयारी में है। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनियां स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में रविवार को बैठक कर पदाधिकारियों से तैयारियों की पूरी जानकारी ली।
काशी क्षेत्र के अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस पर सोमवार 6 अप्रैल को सभी पार्टी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा तथा मिष्ठान वितरण किया जाएगा। 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक सदस्यों, सक्रिय सदस्यों और गणमान्य नागरिकों के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर संस्थापक नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पार्टी की विचारधारा पर चर्चा की जाएगी।
प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराएंगे और ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1 अप्रैल 1980 को हुई थी। इस वर्ष शीर्ष संगठन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5, 6 और 7 अप्रैल को सभी मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश कार्यालयों को फूलों, लाइटिंग और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसी तरह 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम-बस्ती संपर्क अभियान, योजनाओं की उपलब्धियां कार्यकर्ता बताएंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक काशी क्षेत्र में ग्राम एवं बस्ती संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बड़ी विधानसभा में कम से कम 50 बड़े गांव या बस्तियों तथा छोटी विधानसभा में 30 बड़े गांव या बस्तियों का चयन किया जाएगा। इस अभियान में पार्षद से लेकर शीर्ष पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों से संपर्क तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी संपर्क स्थापित किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी