Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फिरोजाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना एका पुलिस एवं एसओजी टीम ने रविवार को अन्तरजनपदीय पशु चोरी करने वाले गिरोह के सात अभियुक्तों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल तीन अभियुक्तों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने बताया कि थाना एका पर तीन अप्रैल को मुकदमा दर्ज हुआ कि अज्ञात चोरों ने रात्रि में घर के बाहर रोड किनारे बंधी भैस को चोरी कर ले गए है। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी एका संजुल कुमार पांडेय रविवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्तगण फिर से आज घटना करने की फिराक में नगला धारू के पास चार पहिया वाहन मैक्स पिकअप में घूम रहे हैं। पुलिस ने एसओजी टीम के साथ घेराबंदी करते हुए वाहन को रोका तो उसमें सवार संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी फायरिंग में तीन अभियुक्त के पैर गोली लगने से घायल हो गये तथा शेष अभियुक्तों को मौके से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्तगण की पहचान सलीम उर्फ धूमी उर्फ भूमि पुत्र आलम, कल्लू उर्फ कलुआ उर्फ फिरोज पुत्र नत्थू, जुम्मन शाह उर्फ जुम्मन खाँ पुत्र आमरू है। वहीं, घेराबंदी में पकड़े गए अभियुक्त पहचान शहजाद पुत्र गुलाब खाँ, अफसर पुत्र अनवर खाँ, फैजल पुत्र फुरकान, राहुल पुत्र शिवकुमार के रुप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से तीन अवैध तमंचा मय 06 जिन्दा, 04 खोखा कारतूस, 14 हजार रुपये, एक भैंस, एक लवारा (भैंस का बच्चा) एवं घटना में प्रयुक्त मैक्स पिकअप वाहन पकड़ा हैं ।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना एका पर दर्ज पशु चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्त है। घायल तीनों अभियुक्तगण को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़