Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 05 अप्रैल (हि. स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दून पुलिस जनपदभर में सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
रविवार प्रातः से ही गौरा पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। सार्वजनिक पार्कों एवं अन्य स्थानों पर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और अपने कार्यस्थलों पर जाने वाले नागरिकों से पुलिसकर्मियों ने संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की। यातायात पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 'मित्रता, सेवा, सुरक्षा' के सिद्धांत को प्रभावी रूप से लागू करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय