ओवैसी के असम दौरे का विरोध, नेतृत्व बदलाव की खबरों को बताया फर्जी
गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। ताई अहोम युवा परिषद, असम ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के असम दौरे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे साम्प्रदायिकता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन ने बीती
Tai Ahom Youth Council officials raising questions on Owaisi’s Assam Visit.


गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। ताई अहोम युवा परिषद, असम ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के असम दौरे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे साम्प्रदायिकता को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन ने बीती रात ओवैसी को असम आने का निमंत्रण देने वालों की भी कड़ी आलोचना की। परिषद ने आरोप लगाया कि इस तरह के कदम राज्य में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं और साम्प्रदायिक तनाव को बढ़ावा दे सकते हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार की विभाजनकारी राजनीति का विरोध करता है।

संगठन ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ओवैसी को असम की धरती पर कदम नहीं रखने दिया जाएगा। संगठन ने कहा कि ओवैसी शायद इस बात को भूल रहे हैं क्या अहोम ने किस तरह मुगलों को असम में प्रवेश करने से रोका था।

इस बीच, परिषद ने अपने अध्यक्ष दिगंत तामुली को पद से हटाए जाने संबंधी खबरों को भी सिरे से खारिज कर दिया। संगठन ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों में प्रकाशित यह खबर पूरी तरह भ्रामक और असत्य है।

संगठन के संयुक्त सचिव दीपज्योति बरुवा ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से इस तरह की फर्जी खबरें फैलायी जा रही हैं। उन्होंने मीडिया से खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश