Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता पक्ष की शिकायत के आधार पर ठाकुरगंज थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित जलेबिया मोड़ के समीप एक किराए के मकान में रह रहा है।
ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और आरोपित जवान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह