Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नगांव (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री पियूष हजारिका ने सूदखोरों और ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है और लोगों से सही निर्णय लेने की अपील की।
मंत्री पियूष हजारिका नगांव में बीती रात एक चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके पहले नगांव के उरियागांव स्थित भूपेन हजारिका रंगमंच में आयोजित सभा में उन्होंने नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रूपक शर्मा के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि जिले में सूदखोरी और नशे के कारोबार से जुड़े तत्वों को दोबारा सिर उठाने नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए हजारिका ने कहा कि पार्टी के 24 सीटें जीतने के दावे पर भी उन्हें संदेह है। उन्होंने यह भी दावा किया कि रहा से भाजपा प्रत्याशी शशिकांत दास की जीत तय है और मध्य असम की सभी सीटें गठबंधन के खाते में जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता हिमंत बिस्व सरमा को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है और उनके नेतृत्व में सरकार दोबारा बनेगी।
रहा के चापरमुख में आयोजित एक अन्य सभा में हजारिका ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर अगले पांच वर्षों में 18 हजार करोड़ रुपये खर्च कर असम को बाढ़मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने रहा क्षेत्र में सभी तटबंधों के निर्माण का भी आश्वासन दिया और कहा कि अगले वर्ष से सिंचाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पार्टी सत्ता में आती है तो अरुणोदय जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी, इसलिए कांग्रेस को दिया गया वोट व्यर्थ जाएगा।
करीब 10 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस सभा में विभिन्न दलों के कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद मंत्री ने दक्षिणपाट में भी एक अन्य चुनावी सभा को संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश