‘दूध चोर’ गैंग का पर्दाफाश दो आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड यूनिट ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय ‘दूध चोर’ गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए दूध और दही चोरी के वीडियो के आधार पर शुरू हुई जां
पुलिस का लाेगाे


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड यूनिट ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय ‘दूध चोर’ गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए दूध और दही चोरी के वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच के बाद पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की। आरोपिताें की पहचान मोहित उर्फ पाथा (27) और आयुष मान पांडेय उर्फ पंडित (19) के रूप में हुई है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने रविवार काे बताया कि 26 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर दूध और दही चोरी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपिताें की पहचान की। 3 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर विकास नगर के शिव विहार स्थित चर्च के पास जाल बिछाया गया और दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपिताें के पास से एक चोरी का बजाज मैक्सिमो तीन पहिया वाहन, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक होंडा मोटरसाइकिल और 14 खाली दूध के क्रेट बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि तीनों वाहन अलग-अलग थानों से चोरी किए गए थे।

पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि वे दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा करते थे और डिलीवरी के दौरान बाहर रखे क्रेट चुरा लेते थे। चोरी किए गए दूध और दही को वे डाबडी और बिंदापुर इलाके में सप्लाई कर देते थे। पुलिस ने बताया कि इस गैंग के पकड़े जाने से पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपित मोहित पहले भी 38 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि उसका साथी भी चोरी और लूट की वारदातों में सक्रिय था। हाल ही में जेल से छूटने के बाद दोनों ने फिर से अपराध शुरू कर दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी