Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस के कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज (सीटीएस) का मुख्यालय शिमला से हमीरपुर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके तहत सीटीएस से जुड़े कई अधिकारी, कर्मचारी, तकनीकी वर्कशॉप और कार्यालय का सामान अब हमीरपुर में स्थानांतरित किया जाएगा। इसे लेकर सरकार की तरफ से आदेश जारी हुए हैं।
इसके अनुसार सीटीएस की तकनीकी वर्कशॉप, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, तकनीकी स्टोर और अन्य जरूरी इकाइयों को हमीरपुर में अलग-अलग स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ कई अधिकारी और कर्मचारी भी वहां जाकर काम संभालेंगे। हालांकि कुछ जरूरी तकनीकी सेवाएं फिलहाल शिमला में ही चलती रहेंगी, जिससे कामकाज प्रभावित न हो।
वहीं पुराने रिकॉर्ड की संख्या ज्यादा होने के कारण स्थापना शाखा से जुड़े कुछ कर्मचारी अभी शिमला में ही रहेंगे। रिकॉर्ड की छंटाई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें भी हमीरपुर भेजा जाएगा। इसके अलावा स्टेट सिफर सेल, रेडियो कंट्रोल और कुछ अन्य जरूरी तकनीकी इकाइयों का काम अभी अस्थायी तौर पर शिमला से ही जारी रहेगा।
दरअसल, राज्य सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि राजधानी शिमला पर बढ़ते प्रशासनिक दबाव को कम करने के लिए कई सरकारी कार्यालयों को दूसरे जिलों में शिफ्ट किया जाएगा। बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कहा था कि शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने और प्रशासनिक कामकाज को संतुलित करने के लिए विभागों को चरणबद्ध तरीके से दूसरी जगहों पर स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने शिमला से और भी कई दफ्तर बाहर शिफ्ट करने के संकेत दिए थे।
इससे पहले भी शिमला से कई सरकारी दफ्तर दूसरे जिलों में स्थानांतरित किए जा चुके हैं। अब सीटीएस मुख्यालय का हमीरपुर जाना उसी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे राजधानी पर बोझ कम करने और दूसरे जिलों में प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा