Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 05 अप्रैल (हि.स.)। गृह मंत्रालय के निर्देश पर नेपाल पुलिस ने आक्रामक ‘सर्च ऑपरेशन’ शुरू किया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 200 से अधिक हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को हवालात के अंदर पहुंचाया गया है।
पुलिस नायब महानिरीक्षक अविनारायण काफ्ले के अनुसार गिरफ्तार होने वालों में आम नागरिकों को परेशान करने वाले बिचौलियों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार करने और गुंडागर्दी में संलिप्त लोग शामिल हैं। अभियान के पहले दिन 3 अप्रैल को काठमांडू से 51 और कोशी प्रदेश से 18 लोगों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस की सक्रियता तेज हो गई। इसके अगले दिन, 4 अप्रैल को कोशी, मधेस, बागमती, गण्डकी और कर्णाली प्रदेश से 44 और लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने अपने अभियान को जारी रखते हुए आज यानि 5 अप्रैल को मधेस, गण्डकी, लुम्बिनी और सुदूरपश्चिम प्रदेश से 24 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि काठमांडू से 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में विशेष रूप से बिचौलियों और ‘मोहल्ला डॉन’ को निशाना बनाया गया है। खासकर सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक सेवा केंद्रों में सेवाग्राहियों को परेशान करने वाले बिचौलिये पुलिस की प्राथमिकता में हैं।
प्रवक्ता काफ्ले ने कहा कि सार्वजनिक सेवाएं लेने जाने वाले नागरिकों को परेशान करने और समाज में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान अभी सिर्फ शुरुआत है और इसे और सशक्त तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। लंबे समय से सरकारी कार्यालयों में होने वाली ‘सेटिंग’ और मोहल्लों में पनपे गुंडों के प्रभाव से आम नागरिकों में भय का माहौल बनने की शिकायतों के बाद गृह प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है। पुलिस सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा और सुशासन बनाए रखने के लिए सिविल ड्रेस में भी टीम तैनात कर निगरानी बढ़ा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास