मेट्रो स्टेशन पर रोती मिली किशोरी, पुलिस ने काउंसलिंग कर परिवार से मिलाया
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो परिसर में संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मेट्रो यूनिट पुलिस ने एक परेशान किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। यह घटना 4 अप्रैल की है, जब आनंद विहार मेट्रो स्टेशन पर गश्त के दौरान पुलिसकर्म
पुलिस का लोगो


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो परिसर में संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मेट्रो यूनिट पुलिस ने एक परेशान किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। यह घटना 4 अप्रैल की है, जब आनंद विहार मेट्रो स्टेशन पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक रोती हुई लड़की पर पड़ी।

मेट्रो का काम देख रहे पुलिस उपायुक्त बी भरत रेड्डी ने रविवार को बताया कि हेड कांस्टेबल आदर्श और महिला कांस्टेबल सुनीता नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने मेट्रो स्टेशन के अंदर एक किशोरी को अकेले बैठे रोते हुए देखा। उसकी हालत को देखते हुए दोनों पुलिसकर्मी तुरंत उसके पास पहुंचे और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बातचीत शुरू की।

शुरुआत में लड़की काफी घबराई हुई थी और कुछ भी बताने से हिचक रही थी। महिला कांस्टेबल ने उसे शांतिपूर्वक समझाया और भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे वह सहज हुई और अपनी पहचान व घर का पता बताया। पूछताछ में सामने आया कि वह पिछले दो-तीन दिनों से पढ़ाई को लेकर परिवार के दबाव में मानसिक तनाव से गुजर रही थी। इसी कारण वह सुबह करीब चार बजे बिना बताए घर से निकल गई थी।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसके पिता से संपर्क किया। पिता ने पुष्टि की कि लड़की घर से बिना बताए चली गई थी और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने तुरंत दिल्ली आने की बात कही और अपने रिश्तेदार को भी मौके पर भेजा।

कुछ ही देर में लड़की के चाचा अन्य परिजनों के साथ थाने पहुंचे और उसकी पहचान की। बाद में पिता के पहुंचने पर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। परिवार को लड़की की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई और मेडिकल जांच की सलाह भी दी गई, हालांकि परिजनों ने बताया कि वह सामान्य है। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद किशोरी को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी