Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी के वशिष्ठ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अचानक लगी आग में पूरे इलाके में अपरातफरी फैल गयी। हादसे के दौरान दो गैस सिलिंडरों में भयानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग और तेजी से फैल गयी। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार वशिष्ठ के पाटरकुची के सात नंबर गली में स्थित रबर की गोदाम में आज सुबह अचानक आग लग गयी। रबर में लगी आग काफी तेजी से फैली, पूरे इलाके में काले धुंए का गुब्बार छा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के दौरान संभवतः गोदाम में रखे गैस सिलिंडरों में भयावह विस्फोट हुआ। बताया गया कि एक के बाद एक दो सिलिंडरों में विस्फोट हुआ।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस एवं अग्निशमन की लगभग पांच गाड़ियां पहुंची और आग को बुझाने में जुट गयी। रबर का गोदाम कैप्टन नामक व्यक्ति का बताया गया है। आग बुझाने में अग्निशमन विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया गया है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय