Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएम) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान खिचड़ीपुर निवासी मन्नी दास (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि 27 मार्च 2026 को मधु विहार थाने में ई-एफआईआर संख्या 006836/2026 के तहत हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत मिलते ही जिले की एएटीएस टीम ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी व स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने 3 अप्रैल को गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की ही पाई गई।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने एक अन्य चोरी की वारदात का भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर एक होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया गया, जो 25 मार्च को मधु विहार इलाके से चोरी हुआ था। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी